रांची। सोमवार को झारखंड में सक्रिय मानसून ने अपनी झलक दिखा दी है। राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में हुई झमाझम बारिश ने शहर को पानी से लबालब भर दिया। मानसून की इस बारिश ने थोड़ी देर के लिए आम जन जीवन रुक सा गया। सड़कों पर चलने के लिए वाहन संघर्ष करते हुए दिखे मानसून की इस तेज बारिश ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल भी खोलकर रख दी है। घुटने भर पानी में वाहन किस होकर जाएंगे, असमंजस की स्थिति बनी रही। राजधानी में सोमवार को 54.9 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची से जारी रिपोर्ट की माने तो पूरे राज्य में हुई तेज बारिश के बावजूद अब तक सामान्य से 64 प्रतिशत कम बारिश हुई है। यद्यपि अगले तीन दिनों तक तेज बारिश की संभावना है। ऐसे में सामान्य बारिशपात की भरपाई हो सकती है। पूरे राज्य में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है और अगले तीन दिनों तक इसका पूरा असर देखने को मिलेगा। राज्य के धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रांची के मौसम की बात करें तो यहां का मौसम रिमझिम बारिश के बाद बदल गया है। तापमान में दस डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। दिनभर रिमझिम फुहारों ने राजधानी के मौसम की फिजा बदल दी है।

अगले 24 घंटे में फिर होगी झमाझम बारिश

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात बन रहा है इसका असर झारखंड में भी देखने को मिलेगा। वहीं जिले के किसानों ने भी खेतों का रुख कर लिया है। कृषि विज्ञानियों ने किसानों को धान की नर्सरी तैयार कर लेने की सलाह दी है।

सभी जिलों में हुई झमाझम बारिश

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो लगभग सभी जिलों में हल्की व मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सबसे अधिक 122.6 मिमी सिमडेगा में बारिश हुई। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

कुछ ऐसा रहेगा राजधानी का तापमान

27 जून: सामान्यत: बादल छाए रहेंगे और दो या अधिक बार मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना, अधिकतम 28 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस।

28 जून: सामान्यत: बादल छाए रहेंगे और दो या अधिक बार मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना, अधिकतम 28 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस।

29 जून: सामान्यत: बादल छाए रहेंगे और दो या अधिक बार मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना, अधिकतम 30 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस।

30 जून: सामान्यत: बादल छाए रहेंगे, अधिकतम 32 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस।