प्रयागराज: सरस्वती हार्ट केयर अस्पताल में भर्ती मरीज मालती देवी की मौत के बाद किसी ने उनके जेवरात गायब कर दिए। परिवार वालों ने अस्पताल के कर्मचारियों पर चोरी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के जेवरात वापस करवाए, जिसके बाद तीमारदार शांत हुए। इसके बाद वह शव लेकर घर चले गए। बताया गया है कि हंडिया निवासी 65 वर्षीय मालती देवी की तबीयत खराब थी।

कर्मचारियों ने गायब की अंगूठी

रविवार को परिवार के सदस्यों ने मालती को टैगोर टाउन स्थित सरस्वती हार्ट केयर अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके कुछ घंटों बाद महिला की मौत हो गई। वार्ड ब्वाय सहित दूसरे कर्मचारियों ने महिला का शव घरवालों को सुपुर्द किया, लेकिन जब उनकी नजर पड़ी तो पता चला कि मालती के हाथ से अंगूठी, जंजीर गायब थी।

तब उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों पर चोरी का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। खबर पाकर जार्जटाउन थाने के दारोगा अमित कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो महिला के जेवरात निकालने का पता चला, जिसके बाद पुलिस ने महिला के परिवार वालों के जेवरात वापस करवाए। घरवालों ने पहले मुकदमा दर्ज कराने की बात कही, लेकिन बाद में उन्होंने समझौता कर लिया।

पुलिस ने वापस कराए जेवर

दारोगा अमित कुमार का कहना है कि महिला को आइसीयू में भर्ती करने से पहले जेवरात उतारकर रख दिया गया था, लेकिन घरवालों को नहीं दिया गया था। अस्पताल के मैनेजर सौरभ का कहना है कि एक पैरामेडिकल स्टाफ ने अंगूठी निकाली थी जिसे वापस कराई गई है। स्टाफ को निष्कासित कर दिया गया है।