दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह से शुरू हुई बारिश ने लोगों को एक ओर उमस से राहत पहुंचाई तो वहीं दूसरी ओर दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर जाम लगने से वाहनों के पहिए थम गए।

दिल्ली और साइबर सिटी में सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश से सिरहौल बॉर्डर से साइबर सिटी के सिग्नेचर टावर चौक तक दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया। इससे स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों और दफ्तर के लिए निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली के इन मार्गों पर भी लगा जाम

दिल्ली के विकास मार्ग पर बारिश के बीच लोग छाता लगाकर अपने बच्चों को स्कूल छोड़ते जाते नजर आए। वहीं दोपहिया वाहन चालक रेनकोट पहनकर आफिस जाते दिखे।

बारिश की वजह से स्वामी दयानंद मार्ग, उस्मानपुर पुश्ता, खजूरी, शास्त्री पार्क पर जाम लगने से लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। जाम लगने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी हुई।

नोएडा: तेज बारिश के कारण गर्मी से मिली राहत, सड़क पर जलभराव से परेशानी

औद्योगिक नगरी में बुधवार को सुबह आसमान में काले बदल छाने के बाद झमाझम बारिश हुई। गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। वहीं तापमान में गिरावट आई। बुधवार सुबह जब लोगों की आंखें खुली तो घर के बाहर बादल छाए थे। तड़के सुबह से तेज फिर 11 बजे तक रिमझिम वर्षा होती रही।

बारिश के कारण घरों से बाहर दफ्तर, कंपनी, कार्यालय जाने के लिए निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर परेशानी पानी रुकने के कारण दोपहिया चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश के कारण अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्षा के कारण नोएडा और ग्रेटर नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स संतोषजनक श्रेणी में दर्ज किया गया।