आज झारखंड के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। कई इलाकों में मॉनसून का जबरदस्त प्रभाव देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में रांची, गुमला, खूंटी, पूर्वी सिंघभूम, पश्चिमी सिंघभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 

इसके अलावा, बोकारो, हजारीबाग और रामगढ़ में भी आज एक या दो जगहों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, बाकी इलाकों में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। कुछ जगहों पर भीषण गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है। 

पलामू ,गढ़वा व लातेहार में हल्की वर्षा होने के बावजूद तापमान में कमी नहीं आई है। अधिकतम तापमान में कमी नहीं होने की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिली। बुधवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आज भी यहां मौसम ऐसा ही रहने वाला है। 

कोडरमा में आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कई इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। अगले चार दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

वहीं, चतरा में भी आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। वर्षा होने की संभावना है। तापमान यथावत रहेगा। यहां अधिकतम 31 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा।

जमशेदपुर और पश्चिमी सिंहभूम में लगातार हो रही वर्षा से मौसम सुहाना हो गया है। बुधवार को भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहें। वहीं, शाम में जोरदार वर्षा हुई, जो देर रात तक जारी रहा। बुधवार को चार घंटे के अंदर 32.8 एमएम वर्षा हुई। जिससे जगह-जगह पर पानी का जमाव हो गया।

वहीं, बागबेड़ा सहित जुगसलाई व मानगो के दर्जनों घरों में वर्षा का पानी घुस गया, जिसे लोग निकालने में जुटे रहें। इसके साथ ही जुगसलाई स्थिति रेलवे ब्रिज के समीप पानी का जमाव काफी अधिक होने की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दरअसल, शहर में ड्रेनेज सिस्टम सही नहीं होने की वजह से कई मुख्य सड़कों पर पानी का जमाव हो जाता है। बीते 72 घंटे क अंदर शहर में 68.8 एमएम वर्षा दर्ज की गई है।