बारिश के मौसम में बालों की समस्याएं बढ़ जाती हैं। इसका सबसे बड़ा कारण होता है मौसम में उमस। जिससे स्कैल्प में पसीना होने के कारण बाल ऑयली हो जाते हैं। इस मानसून में कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर अपने बालों को ऑयली होने से बचा सकते हैं। तो आइए जानें इन आसान उपायों के बारे में...

नींबू का रस

नींबू में अम्लीय गुण पाए जाते हैं। इसका रस आप बालों पर अप्लाई कर सकते हैं। जिससे आप ऑयली बालों से छुटकारा पा सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले आप एक कप में नींबू का रस निकाल लें, अब अपने बालों को शैंपू से धो लें, फिर नींबू का रस लगाएं। यह आपके बालों के पीएच को संतुलित करने में मदद करता है।

सेब का सिरका

ऑयली बालों से राहत पाने के लिए आप सेब का सिरका स्कैल्प पर अप्लाई कर सकते हैं। इसका इस्तेमाल करने के लिए एक कप पानी में सेब का सिरका मिलाएं। बाल धोने के बाद इसे लगाएं। यह बालों के एक्स्ट्रा तेल को कम करने में मदद करता है। इससे बालों के पीएच कम होने में मदद मिलती है। जिससे बालों को नेचुरल चमक मिलती है।

एलोवेरा जेल

एलोवेरा जेल बालों के लिए एक प्राकृतिक मॉइस्चराइज़र का काम करता है। यह आपके स्कैल्प को बहुत अधिक शुष्क या बहुत अधिक तैलीय होने से बचाता है। इसके लिए बालों में हल्के हाथों से एलोवेरा जेल से मसाज करें।

बेकिंग सोडा

बेकिंग सोडा स्कैल्प के पीएच को संतुलित करने में मदद कर सकता है। इसके इस्तेमाल से आप ऑयली बालों से राहत पा सकते हैं। इसके लिए आप एक कप पानी में बेकिंग सोडा मिलाएं और इस मिश्रण को अपने गीले बालों पर लगाएं, कुछ देर बाद धो लें। बेकिंग सोडा स्कैल्प के पीएच को संतुलित करने में मदद करता है। आप सप्ताह में इसका इस्तेमाल एक बार कर सकते हैं।