गोविंदपुरी का क्रूर मर्डर: मौसेरे भाई ने बहन और भांजे को मार डाला
गोविंदपुरी (नई दिल्ली): दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में हुए सनसनीखेज मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड की गुत्थी को दिल्ली पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को धर दबोचा है। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्यारा कोई बाहरी नहीं, बल्कि मृतका शारदा का सगा मौसेरा भाई सौरभ है। आरोपी संगम विहार का रहने वाला है और साप्ताहिक बाजार में रेहड़ी लगाता है। नशे की लत का आदी सौरभ पहले से ही कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसने बीते 20 मई को इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।
पकौड़ी खाने के बाद ₹1000 के विवाद में रेता गला
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में सामने आया कि घटना की रात आरोपी सौरभ अपनी बहन शारदा के घर आया था। बहन ने बड़े प्यार से उसे पकौड़ी बनाकर खिलाई। इसी बीच सौरभ ने उससे एक हजार रुपये उधार मांगे। जब शारदा ने पैसे देने से इनकार किया, तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर सौरभ ने शारदा के बाल पकड़े और रसोई में रखे चाकू से बेरहमी से उनका गला रेत दिया।
चीख सुनकर बचाने आए भांजे पर भी किया ताबड़तोड़ हमला
जब रसोई से मां की चीखने-चिल्लाने की आवाज आई, तो उनका बेटा अपनी मां को बचाने के लिए तुरंत किचन की तरफ भागा। लेकिन खून सवार हो चुके आरोपी सौरभ ने आव देखा न ताव और उस मासूम पर भी चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। आरोपी ने अपनी बहन के साथ-साथ अपने भांजे को भी मौत के घाट उतार दिया ताकि कोई गवाह न बचे।
घर में रखे 10 लाख रुपये लूटकर हुआ था फरार
इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी सौरभ की नजर घर में रखे पैसों पर पड़ी। वह अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये समेटकर मौके से फरार हो गया था। वारदात के बाद से ही पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई थीं और उसके छिपने के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थीं।
पार्क में स्मैक पीते घेरा, पुलिस पर चलाईं गोलियां
दक्षिण-पूर्वी जिले की एंटी नारकोटिक्स टीम को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी घाटी पार्क इलाके में छुपा हुआ है और वहां स्मैक पी रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और उसे आत्मसमर्पण करने को कहा। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। पुलिस ने घायल आरोपी को दबोचकर अस्पताल में भर्ती कराया है और लूटी गई रकम की बरामदगी के लिए आगे की जांच शुरू कर दी है।


प्रशासनिक पुनर्गठन के चलते बढ़ी बेरोजगारी की चिंता
दुकानदारों ने दी 7 दिन की चेतावनी, समाधान न होने पर आंदोलन की धमकी
युवा खिलाड़ियों का अपेक्षित प्रदर्शन न देना बना चिंता का कारण


