भारत के चंद्रयान-3 मिशन पर दुनियाभर के लोगों की निगाहें अटकी हुई हैं। हर कोई इसे लैंड करते हुए देखना चाहता है। जो पड़ोसी देश वर्षों से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का मजाक बना रहे थे, आज उनके मुंह से भी वाहवाही सुनने को मिल रही है। दरअसल, पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद हुसैन ने मंगलवार को भारत के तीसरे चंद्र मिशन की प्रशंसा की। इतना ही नहीं, उन्होंने इसे मानव जाति के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।

इमरान खान शासन के तहत पूर्व विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री रहे फवाद ने भारत को बधाई दी। साथ ही, अपने देश से बुधवार शाम को चंद्रयान -3 की चंद्रमा लैंडिंग का प्रसारण करने का आग्रह किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पहले भारत को बधाई दी। फिर कहा कि पाकिस्तान की मीडिया को भारत का चंद्रयान-3 जब बुधवार शाम छह बजकर 15 मिनट पर चांद पर लैंड करेगा तब उसे लाइव दिखाना चाहिए।