लखनऊ । यूपी में अब ठंड शुरू हो गयी है। सुबह और शाम काफी ठंडी हो जाती है। दोपहर में तेज धूप निकलती है। जिससे लोगों को गर्मी लगने लगती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अब ठंड बढ़ जाएगी। अगले हफ्ते तक ऐसा ही रहेगा। आज सुबह-शाम को ठंड का एहसास होगा। दिन में धूप खिलेगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
प्रदेश में 24 घंटों में सभी मंडलों के तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ है। अयोध्या, प्रयागराज मंडलों में दिन में धूप रही जिससे तापमान सामान्य से अधिक था। राज्य में 3 नवंबर तक मौसम शुष्क रहेगा कहीं के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। नवंबर के दूसरे हफ्ते में ठंड बढ़ सकती है। पिछले 24 घंटे में वाराणसी में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान बरेली में करीब 13.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यूपी में कुछ इलाकों में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। हवा पर भी इसका असर है।  दिल्ली से सटे यूपी के जनपदों नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा की हवा खराब हो रही है। गाजियाबाद के लोनी में  हवा में एक्यूआई 300 से ज्यादा है। प्रदूषण से लोगों का हवा में सांस लेना मुश्किल हो गया है। अब आने वाले समय में प्रदूषण और बढ़ने की संभावना है जो काफी खतरनाक होगा।