मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के एक बाल सुधार गृह से आठ कैदी भाग गए हैं। इस बात की जानकारी पुलिस की ओर से सोमवार दी गई है। साथ ही, बताया जा रहा है कि भआागने वाले आठों अपराधी दुष्कर्म और हत्या सहित विभिन्न अपराधों में शामिल होने के बाद यहां भेजे गए थे। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार शाम को नैनागढ़ रोड पर स्थित किशोर गृह में हुई।

बाथरूम की दीवार तोड़कर भागे आरोपी

शहर के पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह ने कहा कि दुष्कर्म और हत्या के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे 12 किशोर विचाराधीन कैदियों में से आठ रविवार शाम करीब 7 बजे बाथरूम की दीवार तोड़कर भाग गए। उन्होंने बताया कि किशोर गृह में तैनात विशेष सशस्त्र बल के गार्ड ने रात करीब आठ बजे कोतवाली पुलिस थाने को सूचना दी।

पलंग के सरिया से तोड़ी दीवार

सुधार गृह के प्रमुख ने बताया कि यह सभी बच्चे बहुत पहले से इसकी प्लानिंग कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने सुधार गृह में मौजूद चीजों को अपने हथियार के रूप में इकट्ठा करना शुरू कर दिया था। बच्चों ने पलंग और कई अन्य जगह से सरिया निकालकर इस वारदात को अंजाम दिया है। इस गृह से कोई भाग न पाए इसके लिए हर तरफ ताला लगा होता है और कई गार्ड सुरक्षा के लिए तैनात होते हैं। इसके बाद भी इन किशोरों ने उनके कमरे के बाथरूम की दीवार को काटा और उसमें से फरार हो गए।

कैदियों की तलाश में जुटी टीम

घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही पुलिस ने कैदियों की तलाश शुरू कर दी है। उनका पता लगाने का काफी प्रयास किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि भागने वाले किशोर मुरैना, भिंड और श्योपुर जिलों के रहने वाले हैं।