खूंटी जिले के तोरपा स्थित पंडिपुरिंग फाल में डूबने से रांची के एक कोचिंग संचालक संतोष कुमार मेहता की मौत हो गई है। वह रातू रोड में अध्ययन केंद्र नामक कोचिंग सेंटर के निदेशक थे। वह लातेहार जिले के टोरी चंदवा के रहने वाले थे।

बताया गया कि अध्ययन केंद्र रांची से करीब 40 लोग पिकनिक मनाने पंडिपुरिंग फाल पहुंचे थे। इनमें केंद्र में पढ़ने वाले विद्यार्थी व शिक्षक शामिल थे। सभी एक बस पर सवार होकर पंडिपुरिंग फाल पहुंचे थे। सेंटर के शिक्षकों ने बताया कि यहां कुछ लोग खाना बनाने में व्यस्त हो गए जबकि कुछ लोग नदी में नहाने चले गए।

जब नदी पर नहाने गए संतोष कुमार

संतोष कुमार मेहता व सेंटर के दो छात्र रितेश व अमन भी नदी में नहाने चले गए। इसी बीच संतोष अचानक पानी में डूबने लगे। यह देख रितेश व अमन उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़े। उन्होंने संतोष का हाथ पकड़कर बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन इस क्रम में रितेश व अमन भी डूबने लगे। वहां नहा रहे अन्य लोगों ने दोनों को बचाया।

संतोष अपने घर के इकलौते पुत्र

लोगों ने संतोष को भी बचाने की कोशिश की लेकिन वे गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पर्यटन मित्र वहां पहुंचे। उन्होंने पानी के अंदर जाकर संतोष को बाहर निकाला और रेफरल अस्पताल तोरपा ले गए। अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही उनकी मौत हो गई थी। पिकनिक मनाने आए उनके सहकर्मी व विद्यार्थी इस घटना से मर्माहत हैं। संतोष अपने घर के इकलौते पुत्र थे।