भोपाल ।  राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। मध्य प्रदेश कांग्रेस लोकसभा चुनाव मीडिया प्रभारी चरण सिंह सपरा ने गुरुवार को कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 14 जनवरी से राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू होने जा रही है। यात्रा एमपी में 7 दिन रहकर 9 जिलों से होकर 698 किलोमीटर की का सफर तय करेगी। सपरा ने कहा कि यात्रा के दौरान एमपी में बेरोजगारी, मंहगाई, किसानों के मुद्दे, दलित और आदिवासियों पर बढ़ते अत्याचार पर फोकस रहेगा। मध्य प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध पर भी बात की जाएगी। सपरा ने कहा कि दलित पर अपराध में 46.11 और आदिवासियों पर 48.15 % की वृद्धि हुई है।  उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा में देश की सुरक्षा पर भी जनता से बात बात होगी। भाजपा किस तरीके से सत्ता और पैसों का दुरुपयोग करती है, उसके विरुद्ध भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा में केवल कांग्रेस ही नहीं बल्कि इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने इस बीच प्रदेश की मोहन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि एमपी में भी सरकार दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से चल रही है।