शादी समारोह में हंगामा, प्रेमिका के पहुंचते ही दूल्हा हुआ गायब
दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में एक विवाह समारोह के दौरान उस समय फिल्मी ड्रामा देखने को मिला, जब ऐन मौके पर दूल्हे की पुरानी प्रेमिका पुलिस बल के साथ शादी के मंडप में धमक पड़ी। मनीगाछी थाना क्षेत्र के एक गांव में चल रही शादी की रस्में उस वक्त थम गईं, जब प्रेमिका ने दूल्हे पर संगीन आरोप लगाए।
अपने खिलाफ कानूनी कार्रवाई होते देख दूल्हा संदीप मुखिया मौके से फरार हो गया, जिसके बाद वधू पक्ष ने तुरंत विवाह की प्रक्रिया को रद्द कर दिया।
प्रेम, विश्वासघात और शोषण की कहानी
मिली जानकारी के मुताबिक, बहेड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला संदीप मुखिया साल 2022 से पीड़िता के साथ प्रेम संबंध में था। दोनों गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में साथ काम करते थे। पीड़िता का आरोप है कि संदीप न केवल उसकी पूरी सैलरी छीन लेता था, बल्कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी करता था।
पीड़िता के मुख्य आरोप:
-
संदीप ने शादी का वादा कर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया।
-
आरोपी ने पीड़िता की निजी तस्वीरें और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया।
-
18 जनवरी 2026 को संदीप ने उसे जान से मारने की धमकी देकर घर से बाहर निकाल दिया और शादी से मुकर गया।
फिल्मी अंदाज में रुकी शादी
पीड़िता को जब पता चला कि संदीप 26 अप्रैल को किसी और लड़की से शादी करने जा रहा है, तो उसने दरभंगा महिला थाने में न्याय की गुहार लगाई। जैसे ही बारात दुल्हन के दरवाजे पर पहुंचने वाली थी, महिला थाना प्रभारी पुष्पलता कुमारी पुलिस टीम और पीड़िता के साथ वहां पहुंच गईं।
पुलिस को देखते ही दूल्हा संदीप अपनी शादी और दुल्हन को छोड़कर वहां से रफूचक्कर हो गया। महिला थाना प्रभारी ने दुल्हन के पिता को संदीप के पुराने कृत्यों और दर्ज मुकदमे की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने अपनी बेटी का भविष्य बचाने के लिए शादी से इनकार कर दिया।


चुनावी रैली में मोदी का आत्मविश्वास, बोले- 4 मई के बाद सत्ता हमारी
ED की छापेमारी से मचा हड़कंप, भुल्लर केस में जांच तेज
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है यह प्यारी झलक
US ने ड्रग्स नेटवर्क पर कसा शिकंजा, समुद्र में नाव पर हमला, 3 की मौत


