धनबाद। गाय बिकेगी नहीं तो कटेगी नहीं। किसान का घर, गाय का घर। कुल मिलाकर शहर में विचरण कर रहे गोवंश को उनके वास्तविक घर यानी गांव पहुंचाना है। इसी उद्देश्‍य को लेकर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विंग एकल अभियान की ओर एकल श्रीहरि गोग्राम योजना चलाई जा रही है। प्रशासन और नगर निगम गाेवंश को सही सलामत गांव पहुंचाने में महती भूमिका निभाएं, इसके लिए किसान का घर गाय का घर का लक्ष्य लेकर जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की जा रही है।

अभियान के प्रतिनिधिमंडल ने की गणमान्‍यों से मुलाकात

गोग्राम योजना के तहत एकल अभियान के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद पीएन सिंह एवं धनबाद विधायक राज सिन्हा से मिलकर सहयोग की अपील की। विधायक एकल अभियान के धैया स्थित कार्यालय पहुंचकर एकल श्रीहरि गोग्राम योजना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केदारनाथ मित्तल से मिले और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

एकल गोग्राम योजना एवं एकल फ्यूचर धनबाद की टोली ने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि धनबाद की सड़कों पर घूम रहे लावारिस गोवंश (देसी गाय व बैल) की रक्षा करें। ये सड़क पर कूड़ा, कचरा व प्लास्टिक खाकर बीमार हो रहे हैं।

ऐसे लावारिस गोवंश सड़क दुर्घटना में शिकार हो रहे हैं। राहगीर भी चोटिल हो रहे हैं। ऐसे में अगर यहां के स्थानीय राजनेता, गोशाला प्रबंधन समिति, जिला प्रशासन एवं नगर निगम के प्रयास से सड़क पर घूम रहे गोवंश को उनके वास्तविक घर पहुंचाने में मदद करें।

नवंबर में होगा गोग्राम कुंभ

लावारिस गोवंश को एकल अभियान गोग्राम योजना के लिए प्रदान किया जाए, तो सभी गोवंश बच जाएंगे। किसान, घर की महिला आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन सकेंगे। जनप्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि गोवंश मुक्त सड़क के लिए पूरा प्रयास करेंगे।

धनबाद की सड़कों को गोवंश मुक्त करने के अभियान को सफल किया जाएगा तो धनबाद गोरक्षा के सकारात्मक क्षेत्र में भी पूरे भारत में एक मिसाल प्रस्तुत करेगा। नवंबर में धनबाद में होने वाला गोग्राम कुंभ 2023 इसी अभियान की अगली कड़ी है।