भारत हमेशा से ही अपनी संस्कृति और परंपराओं के लिए दुनियाभर जाना जाता है। अपनी विविधताओं के लिए मशहूर भारत अपने खानपान के लिए काफी पसंद किया जाता है। यहां कई सारे ऐसे व्यंजन मिलते हैं, जिनका स्वाद सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि विदेश भी काफी पसंद किया जाता है। इसी क्रम में एक बार फिर यह बात साबित हो गई है कि भारत अपने खानपान के लिए दुनियाभर में काफी प्रसिद्ध है।

दरअसल, हाल ही में सामने आई एक सूची में भारत की कई सारी फ्लैटब्रेड यानी रोटी ने अपनी जगह बनाई है। खास बात यह है कि टॉप 50 की इस सूची में टॉप 10 में तीन भारतीय फ्लैटब्रेड शामिल हैं। आइए जानते हैं इस सूची और इसमें शामिल भारतीय फ्लैटब्रेड के बारे में-

टॉप 10 में शामिल 3 भारतीय फ्लैटब्रेड

हाल ही में ऑनलाइन फूड डायरेक्टरी टेस्ट एटलस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक लिस्ट साझा की, जिसमें दुनियाभर में लोकप्रिय टॉप 50 फ्लैटब्रेड्स के नाम शामिल हैं। खास बात यह है कि टॉप 50 की इस लिस्ट में भारत की 9 फ्लैटब्रेड्स का नाम भी शामिल हैं। इनमें भारत की बटर गार्निक नान ने दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं, नान और पराठा ने टॉप 10 में जगह बनाई है।

इन फ्लैटब्रेड्स ने भी बनाई लिस्ट में जगह

इसके अलावा इस लिस्ट में 29वें नंबर पर हमारे यहां का लोकप्रिय और प्रसिद्ध आलू पराठा, 34वें पायदान पर रूमाली रोटी, 46वें नंबर पर आलू नान और 47वें नंबर पर कश्मीरी नान ने अपनी जगह बनाई है। वहीं, बात करें टॉप फ्लैटब्रेड की, तो इसे लिस्ट में नंबर पर मलेशिया की रोटी चनाई है, जबकि दूसरे नंबर पर भारती की बटर गार्लिक नान और तीसरे पायदान पर इरान की नान-ए बरबरी है।

ये हैं दुनिया की टॉप 10 फ्लैटब्रेड्स

1. मलेशिया की रोटी चनाई
2. भारत की बटर गार्लिक नान
3. इरान की नान-ए बरबरी
4. भारत की नान
5. इटली की पियाडिना रोमाग्नोला
6. फ्रांस की टार्टे फ्लेम्बी
7. सिंगापुर की रोटी प्रता
8. भारत का पराठा
9. आर्मीनिया का लवाश
10. चीन का स्कैलियन पैनकेक