धनबाद। वासेपुर के मछली व रियल स्टेट कारोबारी रशीद महाजन के घर गोली चलवाने के 24 घंटे के बाद वासेपुर में प्रिंस के गुर्गों ने एक बार फिर से गोली चलाई है। इस बार यह गोली आजाद नगर गफ्फार कालोनी स्थित अप्सरा ड्रेसेस के मालिक मोहम्मद सलीम के घर पर चली है। घटना अहले सुबह तीन बजे की है।

प्रिंस खान के शूटर मेजर ने सोशल मीडिया पर जारी की चिट्ठी 

फायरिंग के बाद से ही घर के लोग घर में ताला मारकर कहीं चले गए हैं। इससे पूर्व वर्ष 2022 छह मई को भी इनके घर पर रंगदारी के लिए फायरिंग की गई थी। हालांकि, गोली चलाने की इस घटना में किसी को चोट नहीं आई है। फायरिंग के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। इधर पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने से मना कर रही है। गोली चलने की घटना के बाद प्रिंस के गुर्गे मेजर की चिट्ठी इंटरनेट मीडिया पर जारी की गई है।

फरार प्रिंस के डर के साये में जी रहे लोग

चिट्ठी में लिखा है कि ये जो गोली चली है यह आखिरी वार्निंग है। अगली बार तुम्हारी घर में हत्या कर देंगे। दो दिन में छोटे सरकार को मैनेज करो। गौरतलब हो कि पिछली बार इनके घर पर गोली चलाने के बाद 50 लाख रुपए की मांग की गई थी। इस घटना के बाद विरोध में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद की थीं। प्रिंस की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी। मगर प्रिंस अभी तक फरार है।

दो दिन में दो व्यवसायियों के घर पर चली गोली

पिछले दो दिन में वासेपुर के दो व्यवसायियों के घर पर प्रिंस के गुर्गों ने रंगदारी के लिए गोली चलाई है। मगर पुलिसिया कार्रवाई इतनी धीरे है कि अभी तक इस मामले में पुलिस किसी एक को भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। गौरतलब हो कि इससे पूर्व तोपचांची के शान-ए-पंजाब और माही होटल में प्रिंस के गुर्गों ने बम फेंका था, वहीं मोटर पार्टस व्यवसायी संजीवानंद ठाकुर पर गोली चलाने वालों की गिरफ्तारी भी पुलिस अभी तक नहीं कर पायी है।