भोपाल। वर्ष-1984 में कांग्रेस के केएल प्रधान ने भोपाल लोकसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की थी। 1989 से 2019 तक भाजपा जीत रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा की साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को रिकार्ड तोड़ मतों से हराया था। कांग्रेस जीत के लिए तरस रही है।वर्ष-2024 के महासंग्राम में भी अब तक भाजपा कांग्रेस को चुनाव प्रबंधन व प्रचार में पछाड़ती हुई दिख रही है। 24 अप्रैल बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा के समर्थन में रोड शो किया। मालवीय नगर तिराहे से नानके पेट्रोल पंप तिराहे तक सवा किलोमीटर के रोड शो में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। लोगों की भीड़ रही और चारों तरफ अब की बार 400 पार के नारे सुनाई दिए। इधर कांग्रेस की बात करें तो अब तक एक भी स्टारक प्रचारक मैदान में नहीं दिखा है।