बिहार के मुंगेर जिला में बेखौफ अपराधियों ने एक रिटायर्ड जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया गया कि रिटायर्ड जवान शौच करने के लिए अपने बगीचा गए हुए थे। इस दौरान अज्ञात लोगों ने उन्हें गोली मार दी। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव की है। मंगलवार की सुबह रिटायर्ड आर्मी जवान संजय कुमार उर्फ बबलू यादव बगीचे में शौच के लिए गए थे। पहले से घात लगाए अपराधियों ने मौका देखते ही उनपर फायरिंग कर दी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि सीसीटीवी में अलसुबह 3.57 बजे उन्हें घर से बाहर निकलता हुआ देखा गया है। हालांकि, बगीचे तक सीसीटीवी का रेंज नहीं होने से अपराधियों का पता नहीं चल सका।

ग्रामीणों ने बताया कि 2019 में सेना से रिटायर होने के बाद संजय कुमार गांव में ही रहते थे। ग्रामीणों की मानें तो उनके घर के पीछे रहने वाले लोगों ने इनकी जमीन के बीच से रास्ता बना लिया था। हालांकि, जवान 15 फीट रास्ता देने को तैयार थे। पंचायत में इसका हल भी निकाला गया था। आशंका है कि इसी विवाद में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।

वहीं, रिटायर्ड जवान के बड़े भाई राजेश यादव ने बताया गोली किसने मारी यह किसी को पता नहीं है। पुलिस ने घटना के पीछे पुराना विवाद बताया है। मामले की जांच चल रही है। शंकरपुर में हत्या के बाद तनाव नहीं हो, ऐसे में पुलिस बल को तैनात भी किया गया है।

थानाध्यक्ष दलजीत झा ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। संजय 2017 मानद कैप्टन बने थे। इसी पद पर रिटायर हुए थे। पुलिस ने भूमि विवाद के एंगल को नकारा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया।