Luna 25 Crash: रूस के मून मिशन को झटका लगा है। चांद पर उतरने से पहले ही लूना-25 क्रैश हो गया है। रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि रूस का लूना-25 अंतरिक्ष यान चंद्रमा पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। 

सुबह आई थी तकनीकी खराबी
बता दें कि आज सुबह ही रूसी स्पेसक्राफ्ट लूना 25 (Luna 25 Crash) में तकनीकी खराबी की जानकारी सामने आई थी। ये खराबी उसके चांद की कक्षा बदलने के दौरान आई थी।

लूना-25 को सोमवार को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरना था। इसके लिए लैंडिंग से पहले कक्षा बदली जानी थी, लेकिन तकनीकी दिक्कत के कारण नहीं बदली जा सकी।

बता दें कि 1976 में तत्कालीन सोवियत संघ के दौरान लूना-24 मिशन के लगभग पांच दशकों बाद पहली बार 10 अगस्त को लूना-25 अंतरिक्ष में भेजा गया। इसने चंद्रमा पर पहुंचने के लिए अधिक सीधा रास्ता अपनाया है।

डिबूस्टिंग में दोनों बार सफल रहा चंद्रयान 3 का लैंडर मॉड्यूल
एक ओर लूना अपने मिशन में फेल हो गया है, तो दूसरी ओर भारत का चंद्रयान तेजी से चांद पर लैंड होने की तरफ कदम बढ़ा रहा है। बता दें कि चंद्रयान-3 की दूसरी डीबूस्टिंग (गति घटाने की प्रक्रिया की प्रक्रिया) सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। इस प्रक्रिया के बाद यान को और निचली कक्षा में उतारा जाएगा। इसके बाद 23 अगस्त को लैंडर विक्रम चंद्रमा पर लैंड करेगा।