वॉशिंगटन । पेरू के तारापोटो में जब एक कृषक अपने परिवार के साथ खेत पर गया था उसी दौरान उसके 2 साल के बच्चे ने वहां पड़ी 8 सुइयां निगल लीं। जब ये सुइयां आंतों तक पहुंचीं और भयानक दर्द उठा तब वे बच्चे को अस्पताल ले गये। आखिरकार काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बचा लिया गया। डाक्टरों ने बताया ‎कि  सुइयां अंदर के अंगों में कई जगह धंसी हुई थीं। गनीमत थी कि रक्तस्राव नहीं हुआ, वरना जान जा सकती थी।
 सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टरों ने एक्सरे में देखा कि सभी आठों सुइयां पाचनतंत्र के अंदर हैं। दो सुइयां तो खतरनाक रूप से मलाशय और मूत्राशय में घुस चुकी थीं। एक ने छोटी आंत को क्षतिग्रस्त कर दिया था लेकिन ज्यादा अंदर तक नहीं गई थी, इसलिए रक्तस्राव नहीं हुआ। डॉक्टरों ने बताया कि नुकीली वस्तुएं निगलना खतरनाक है क्योंकि ये आंतरिक अंगों को नुकसान पहुंचा सकती हैं, जिससे गंभीर रक्तस्राव हो सकता है और पाचन रस का रिसाव हो सकता है।
डॉक्टरों ने कहा कि बच्चा भाग्यशाली था ‎जिसे सुइयों से कोई गंभीर चोट नहीं आई।दो हफ्ते बच्चे को सिर्फ तरल आहार दिया गया। दरअसल यह उस कृषक की गलती थी कि पशुओं को इंजेक्शन लगाने के बाद खेतों में फेंक दिया था। अगर समय पर उपचार नहीं ‎मिलता तो ‎शिशु को बचा पाना संभव नहीं था।
यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ दिनों पहले चीन के शानक्सी प्रांत में 5 महीने की बच्ची ने सिलाई मशीन की सुई गटक ली थी। सुई बच्ची के पेट की दीवार में घुसकर उसके हार्ट के बाएं वेंट्रिकल में छेद कर चुकी थी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन के बाद उसे बचा लिया। इसी तरह पिछले मामले में एक 54 वर्षीय महिला ने सिलाई सुई निगल ली थी ले‎किन उसे कोई लक्षण नजर नहीं आ रहे थे। हालांकि, डॉक्टरों के मुताबिक, अगर कोई निगल ले तो उसे तेज दर्द का अनुभव होगा। यहां तक कि लगेगा कि दम घुटने वाला है। उल्लेखनीय है कि सबसे ज्यादा सिक्के और हड्डियां निगलने के मामले आते हैं।