मध्यप्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में रंजना बघेल और अन्य नामों की चर्चा तेज

परमेश्वर राव, प्रधान संपादक
मध्यप्रदेश भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। आदिवासी और अनुसूचित जाति समुदाय से नेता चुनने की संभावनाएं प्रबल हैं।
रंजना बघेल:
पूर्व कैबिनेट मंत्री रंजना बघेल का नाम प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में प्रमुखता से उभर रहा है। लोकसभा चुनाव में उनका टिकट काटकर सावित्री सिंह को दिए जाने के बाद से ही यह संभावना थी कि पार्टी उन्हें नई जिम्मेदारी देगी।
फग्गन सिंह कुलस्ते:
पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें SC/ST सांसदों की कमेटी का प्रमुख बनाया है। इसके चलते माना जा रहा है कि वह यह जिम्मेदारी स्वीकार नहीं करेंगे।
सुमेर सिंह सोलंकी:
राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी का नाम भी चर्चा में है। हालांकि, उनका कोई ठोस जनाधार नहीं है। इतिहास संकलन में सक्रियता के कारण संघ ने उन्हें राज्यसभा भेजा था। इसलिए उनका नाम अधिकतर प्रायोजित चर्चा का हिस्सा माना जा रहा है।
लाल सिंह आर्य:
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य भी संभावित दावेदार हैं। वह मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके हैं और मोर्चे के काम को देशभर में मजबूत किया है।
इन नामों के बीच, पार्टी नेतृत्व किसे प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।