नई दिल्ली। दिल्ली के तुगलक रोड इलाके में आवारा कुत्तों ने एक डेढ़ साल की बच्ची को नोंच दिया। जब तक लोग उसे बचा पाते तब तक बच्ची बुरी तरह घायल हो चुकी थी। परिवार वाले उसे पास के अस्पताल में लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की पहचान दीवांशी के रूप में हुई है। मृत डेढ़ साल की बच्ची दीवांशी अपने परिवार के साथ तुगलक लेन के चमन घाट इलाके में रहती थी। उसके पिता राहुल कपड़े में प्रेस करने का काम करते हैं। उनके परिचित विवेक कुमार ने बताया कि इलाके में काफी आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं। इन्हें एक महिला खाना देने आती है। रात में कुत्ते राहुल के घर के आस पास घूम रहे थे। परिवार वाले रात में खाना खाकर निकले। उनलोगों ने बच्ची को नहीं देखा। काफी तलाश करने के बाद बच्ची घर से कुछ दूर लहूलुहान हालत में मिली। उसके शरीर को 3 आवारा तीन कुत्ते चबा रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटनास्थल के पास डीजे बज रहा था। इसके शोर में बच्ची की चीख किसी ने नहीं सुनी। लोगों ने किसी तरह बच्ची को इन कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। घटना के बाद वहां काफी लोगों का जमावड़ा लग गया। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करवाया और बच्ची को लेकर सफदरजंग अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।