महिला और उसकी दाे नाबालिग पुत्रियों से दुष्कर्म करने वाला दरिंदा पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। दुष्कर्म आरोपित को ललमटिया थाना की पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपित बरहेट थाना क्षेत्र का मुर्शेद अंसारी है।

ललमटिया थाना प्रभारी प्रदीप कुमार दास ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ललमटिया थाना क्षेत्र की एक महिला ने बीते तीन जुलाई 2023 को मुर्शेद अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। बताया जाता है कि मुर्शेद अंसारी मुम्बई में नौकरी करता था। उसने फेसबुक पर महिला से दोस्ती की। दोस्ती धीरे धीरे प्यार में तब्दील हो गई।

मां-बेटियों को एक ही कमरे में रखा

इसके बाद महिला को सपने दिखाकर उसने उसे मुम्बई आने का न्योता दिया और इसके लिए टिकट आदि बनवाया। प्रेमी के बुलावे पर अपनी दो नाबालिग बेटियों के साथ लेकर उक्त महिला मुंबई चली गई। महिला की एक बेटी की उम्र 15 वर्ष है तो दूसरी बेटी 13 वर्ष की है।

मुर्शेद अंसारी ने मां-बेटियों को एक ही कमरे में रखा। इसी क्रम में मुर्शेद अंसारी ने महिला और उसकी दोनों नाबालिग पुत्रियों के साथ बारी-बारी से यौन शोषण करने लगा। महिला को जब ग्लानि हुई तो उसने घरवालों को फोन से इसकी जानकारी दी। मौका देखकर तीनों वहां से भाग निकली।

कोर्ट में मामले की जानकारी देकर न्याय की गुहार लगाई

इधर महिला ने कोर्ट में मामले की जानकारी देकर न्याय की गुहार लगाई। ललमटिया थाना में प्राथमिक की दर्ज होने के बाद पुलिस मुर्शेद अंसारी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि ललमटिया सिदो कान्हू चौक में मुर्शेद अंसारी आया हुआ है।

वहां पुलिस ने छापेमारी कर उसे धर दबोचा। पुलिस ने मुर्शेद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत के लिए कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।