नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को दूसरे दिन भी बारिश का दौर जारी है। बारिश के दिल्ली-एनसीआर का आसपास के इलाके में मौसम खुशनुमा हो गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। लेकिन झमाझम बारिश से दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

IMD ने जारी किया अलर्ट

रविवार को लेकर भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार के लिए पहले येलो अलर्ट जारी किया था, जिसे भारी वर्षा के बाद बदलकर रेड अलर्ट किया गया। तापमान भी सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया और अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को येलो अलर्ट जारी करते हुए बताया कि शनिवार और रविवार को तेज हवा के साथ जोरदार वर्षा हो सकती है।

अभी जारी रहेगा वर्षा का दौर

मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को तेज वर्षा का अलर्ट जारी करते हुए बताया था कि आने वाले दो दिनों में कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी होने की संभावना है। बरसात के साथ तेज हवा चलने का भी अनुमान है। रविवार को भी मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है। वहीं, IMD का कहना है कि अभी छह दिन तक वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। रविवार को तेज वर्षा हो सकती है।

दिल्ली में कैसा है मौसम का हाल?

दिल्ली में शनिवार को हुई वर्षा ने जुलाई में एक दिन में सर्वाधिक वर्षा का 20 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिल्ली में शुक्रवार रात से शनिवार शाम साढ़े पांच बजे तक 133.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इससे पहले वर्ष 10 जुलाई, 2003 को 133.4 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। बता दें कि जुलाई के पहले पखवाड़े में शनिवार का दिन पिछले आठ वर्षों में सबसे अधिक ठंडा रहा। इससे पहले वर्ष 2015 में 11 जुलाई को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में छह दिन तक वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है।