नई दिल्ली । दिल्ली की महिला और बाल विकास मंत्री आतिशी ने  दिल्ली यूनिवर्सिटी महिला संघ के दीपावली कार्निवाल का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने महिला उद्यमियों के साथ चर्चा भी की। महिला उद्यमियों ने कार्निवल में प्रदर्शनी के जरिए अपने प्रोडक्ट और स्टार्टअप के विचार भी प्रदर्शित किये। इस मौके मंत्री अतिशी ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय महिला संघ जिस तरह से महिलाओं की बेहतरी के लिए काम कर रहा है, वह काबिल ए तारीफ है। आतिशी ने कहा कि एक महिला संघ होना, उसके पास एक क्रेच होना और विभिन्न गतिविधियों द्वारा महिलाओं को आगे बढ़ने का मौका देना वाकई अनूठी पहल है. इससे राष्ट्र की बहुत सारी महिलाओं को प्रेरणा मिलती है। मंत्री अतिशी ने कहा कि एक महिला का अपने घर से बाहर निकलना कितनी चुनौतियों से भरा होता है, यह हर कोई जानता है, क्योंकि उसे अपने घर के बच्चों का ध्यान भी रखना होता है। ऐसे में दिल्ली विश्वविद्यालय महिला संघ ने अपने क्रेच और प्ले स्कूल के साथ महिलाओं को चिंतामुक्त होकर घर से बाहर निकलकर काम करने की आज़ादी दी है। उन्होंने अपनी बात को विस्तार देते हुए कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय महिला संघ ने सही मायने में महिला सशक्तिकरण और सम्मान के लिए मिसाल कायम की है। उनका यह दीपावली कार्निवल महिलाओं के एनजीओ, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमी और सेल्फ-हेल्प समूहों को मंच दे रहा है, ताकि वह आगे बढ़कर आत्मनिर्भर बन सकें और रुद्दिवाद को चुनौती दे सकें।