अंबाला : ड्यूटी पर जा रही बैंक कर्मी पर पहले कबाड़ चुगने वाले लड़के ने बोतल से वार किया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की। राहगीरों ने बीच-बचाव कर आरोपित के चुंगल से बैंक कर्मी को बचाया। बलदेव नगर थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपित राजकुमार को धरदबोचा। इसके बाद उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गांव धूलकोट नजदीक किंगफिशर निवासी रविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बैंक आफ बडौदा मनाली हाउस अंबाला शहर में कार्यरत है। 18 अगस्त को वह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर घर से ड्यूटी पर जा रहा था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह विकास विहार मोड पर रुककर किसी का इंतजार कर रहा था। उसी समय विकास विहार मार्केट की तरफ से एक कबाड़ चुगने वाला लड़का आया।

उसने बोतलों से भरा कट्टा उसकी एक्टिवा पर मारा। जब उसने उसे कहा की ऐसा क्यों कर रहे हो? इससे एक्टिवा में स्क्रैच पड़ जाएंगे। इस पर वह वहां से चल पड़ा। लेकिन कुछ दूरी से उसने पीछे मुड़ते ही उसके पास आकर अपने हाथ में पकड़ी कांच की बोतल से उसके ऊपर वार कर दिया। इस पर उसने अपने आप को बचाने के लिए अपना हाथ आगे कर दिया। इस तरह बोतल उसके हाथ पर लगी।