दिल्ली | भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से दो डिग्री अधिक है। साथ ही विभाग ने दिन में हल्की बारिश होने की भी उम्मीद जताई हैं।आईएमडी ने मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि शनिवार को दिन के दौरान आमतौर पर बादल छाए रहने और बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 69 प्रतिशत दर्ज की गई।

वहीं, इससे पहले विभाग ने हल्की वर्षा और उमस भरी गर्मी के बीच शनिवार से तीन दिन तक दिल्ली में झमाझम बरसात होने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग ने इन तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।इस दौरान हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने के साथ साथ तापमान में भी आंशिक गिरावट होने की संभावना है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, सामान्य से एक डिग्री कम है।मौसम की इस आंख-मिचोली का असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिल रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक सुबह 9 बजे 162 की दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया है।