निवाड़ी  पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि से मध्यप्रदेश के कई इलाकों में फसल बर्बाद हो गई। इसे लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को निवाड़ी जिले के सियाखास गांव में पहुंचे। यहां उन्होंने बर्बाद फसलों का जायजा लिया। यहां उनका जुदा अंदाज देखने को मिला। ग्रामीणों से चर्चा करने के लिए शिवराज कार की छत पर चढ़ गए। सीएम ने कहा कि हर खेत में मैं नहीं पहुंच सकता, सांसद और विधायक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि फसल ही नहीं, ओलों से टूटे घरों के कवेलू का भी मुआवजा दूंगा।

पृथ्वीपुर में ओला प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए सीएम शुक्रवार को निवाड़ी पहुंचे। शिवराज, कलेक्टर और विधायकों के साथ सिस्टोन गांव गए। उन्होंने खेतों में जाकर नुकसान हुई फसलों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री शिवराज ने किसानों से बात करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है। उनका जो भी नुकसान हुआ है, उसकी पूरी भरपाई की जाएगी।

मवेशियों की मौत पर मुआवजा मिलेगा

मैं प्रदेशभर के किसानों से कहने आया हूं कि जहां-जहां ओले गिरे हैं, उन हर स्थानों पर नहीं जा सकता। किसानों का संकट की घड़ी में साथ देने के लिए शिवराज मुख्यमंत्री बना है। अच्छी फसल आ रही थी। अचानक ओलों की बरसात हो गई। अभी खेत देखे। दूर से देखो तो थोड़ा हरा दिखता है, लेकिन यहां कुछ नहीं बचा। सरकार फसल के लिए तो राहत राशि देगी। मवेशियों की मौत पर भी मुआवजा देगी। मुर्गा-मुर्गी मरे हों, तो उसका भी मुआवजा मिलेगा। ओला गिरने से घर की कवेलू (खप्पर) भी टूटी है, तो उसके लिए भी पैसा दिया जाएगा।

गड़बड़ी करने वालों के लिए मामा से बुरा कोई नहीं

इसी दौरान शिवराज ने अधिकारियों को भी चेतावनी भी दी। कहा- ईमानदारी से काम होना चाहिए। सभी के नाम ईमानदारी से आना चाहिए। यदि गड़बड़ी हुई, तो मामा से बुरा कोई नहीं होगा। कमिश्नर-कलेक्टर पूरी नजर रखेंगे। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए संकट की घड़ी में जनता का ईमानदारी से दें।