अहमदाबाद । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राजधानी गांधीनगर में सेवादल कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं पर पुलिस बल प्रयोग के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने सदन से वाक आउट करते हुए गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी से इस्तीफा मांगा। सत्तापक्ष ने इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने का भरोसा दिया जिसके बाद गतिरोध समाप्त हुआ।

गुजरात में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के विरोध में कांग्रेस सेवादल महिला संगठन की ओर से मंगलवार को गांधीनगर सत्याग्रह छावनी में सम्मेलन का आयोजन किया गया था। सभा के बाद महिला सेवादल नेता प्रगति आहीर की अगुवाई में महिला कार्यकर्ता विधानसभा की ओर कूच करने निकली लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक लिया। यहां दोनों के बीच खींचतान हुई जिसमें पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया। कांग्रेस विधायक गेनीबेन ठाकोर ने पुलिस पर महिला प्रदर्शनकारियों के गुप्तांग पर मारने, बाल खींचने का आरोप लगाते हुए सरकार से दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की मांग की। गेनीबेन व पूर्व अध्यक्ष अमित चावड़ा ने गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि राज्य में महिला सुरक्षा में विफल भाजपा सरकार विरोध को दबाने के लिए पुलिस का उपयोग करती है।