हरियाणा के महेंद्रगढ़ में पंचायत समिति के वार्ड नंबर-2 से शिवानी ने प्रदेश में सबसे कम उम्र की महिला उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की है। रविवार को घोषित पंचायत समिति सदस्य चुनाव के परिणामों में शिवानी वार्ड नंबर-2 से हरियाणा की सबसे छोटी उम्र की BDC मेंबर चुनी गई हैं। गांव गढ़ी, बांस खुडाना, आदलपुर गांव से 1755 वोट लेकर 21 वर्ष की उम्र में BDC मेंबर बन कर कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी को 845 वोटों से मात दी। शिवानी ने अपनी स्नातक के साथ-साथ हार्टरोन स्किल सेंटर सतनाली चौक महेंद्रगढ़ से एक वर्ष का डिप्लोमा इन कंप्यूटर कोर्स किया है।

शिवानी ने बताया कि वह अभी M.SC मैथमेटिक्स प्रथम वर्ष की विद्यार्थी हैं। गांव व समाज को साथ लेकर सभी पंचायतों का बराबर विकास करने में अपना योगदान देंगी। आज गांव समाज ने उन्हें जो पद व सम्मान दिया है। इसके लिए वह गांव की सदैव आभारी रहेंगी और विकास में अपना योगदान दूंगी।

मेरे पिता रणधीर सिंह ने बिना फिजूलखर्ची के अपनी समाजसेवा के बल पर लोगों से वोटों की अपील की थी। लोगों ने उन पर पूरा विश्वास जताते हुए मुझे विजय का आशीर्वाद दिया है। समाज ने मुझ पर भरोसा किया है, मेरे परिवार पर भरोसा किया है। मैं विकास कार्य कराकर सबके भरोसे को पूरा करूंगी। शिवानी हरियाणा की सबसे कम उम्र की ब्लॉक समिति सदस्य चुनी गई हैं। आज इनकी उम्र 21 वर्ष 3 महीने है।

पिता रणधीर सिंह ने बताया कि गांव और समाज ने हम पर विश्वास जताया है। शिवानी इंटेलिजेंट है। विकास कार्यों को करने में हमें बहुत मदद मिलेगी। कंप्यूटर में दक्ष है। इससे सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होने वाली योजनाओं का फायदा हम ले पाएंगे। शिवानी के दादा राजपाल सिंह नंबरदार ने भी बेटी की जीत पर सभी का धन्यवाद किया। सभी से मिलजुल कर आगे विकास कार्य करने का संकल्प लिया।