रंगों का त्योहार होली खत्म होते ही लौहनगरी के तापमान में अचानक बढ़ोत्तरी हो गई। गुरुवार को शहर का तापमान बढ़कर 38.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कि झारखंड में दूसरा सबसे अधिक गर्म वाला शहर बन गया।

गर्मी ने लोगों का हाल किया बेहाल

जमशेदपुर से अधिक 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान डाल्टनगंज का रहा। जमशेदपुर में गर्मी पड़ते ही बीते दो दिनों से लोग परेशान हो गए हैं। गुरुवार की सुबह सात बजे से ही गर्मी ने विकराल रूप धारण कर लिया था।

यही कारण है कि दोपहर के समय सड़कों पर वाहनों की संख्या भी कम देखी गई। गला तर करने के लिए लोगों की भीड़ शीतल पेय पदार्थों के दुकान के सामने जुट रही थी। गन्ना, सत्तू व आम रस की दुकान पर लोगों की भीड़ देखी गई। इसके अलावा स्कूली बच्चे भी गर्मी से बेहाल नजर आ रहे थे।

कहीं बादल, तो कहीं खिला रहेगा मौसम

इधर चाईबासा और सरायकेला क्षेत्र में शुक्रवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रह सकते हैं। इस दौरान कहीं-कहीं वज्रपात अथवा धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है। वहीं कोडरमा में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन मौसम शुष्क रहेगा।

अगले दो दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा, पलामू, गढ़वा व लातेहार जिला में शुक्रवार को मौसम खिला रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी रहेगी। चतरा में शुक्रवार को मौसम सामान्य रहेगा। धूप तीखी रहेगी। हवा की गति सामान्य से थोड़ी अधिक रहेगी।