बोले- नरेंद्र मोदी के निकट संबंध वाले भगौड़े हैं, राहुल ने चोर कहा तो क्या गुनाह किया


भोपाल । सिंधिया के गढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दहाड़ लगाई है। यहां दिग्विजय सिंह ने कहा है कि कोई ह्रक्चष्ट वाला घोटाला कर या रुपए लेकर नहीं भागा है। जितने भी भागे हैं, वे भाजपा नेताओं के निकटतम लोग हैं। नरेन्द्र मोदी के निकट वाले लोग हैं। यदि राहुल गांधी ने उन्हें चोर कह दिया तो क्या गुनाह किया। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाए कि वह धर्म की आड़ में देश को ठग रहे हैं और लूट रहे हैं।
ग्वालियर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर जमकर हमला किया है। उनका कहना है कि साल 2023 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एक तरफ जीत दर्ज कर रही है। जब उनसे पूछा गया कि केन्द्र में महागठबंधन बनाने में जो दल साथ आने को तैयार हैं, लेकिन प्रदेश में वह कांग्रेस के खिलाफ लड़ रहे हैं, जैसे आप, बसपा...? इस पर पूर्व सीएम दिग्विजय का कहना है कि प्रदेश में हमें किसी से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, हम यह चुनाव जीत रहे हैं।

संसद में राहुल की अटेंडेंस पर उखड़े दिग्विजय सिंह
जब दिग्विजय सिंह से यह पूछा गया कि आपका कहना है कि राहुल गांधी आम जनता की आवाज उठा रहे हैं, तो संसद में उनकी अटेंडेंस 50 प्रतिशत से कम क्यों हैं। इस पर दिग्विजय ने उखड़ते हुए अंदाज में कहा कि राहुल गांधी को संसद में बोलने दिया जाए तब तो अटेंडेंस बढ़ेगी। जनता की अदालत में उनकी अटेंडेंस पूरी है। 4000 किलोमीटर वह चले हैं। कोई भाजपा नेता कभी जनता के बीच इतना चला है क्या।

कांग्रेस एकजुट क्यों नहीं दिख रही है
जब दिग्विजय सिंह से पूछा गया कि राहुल गांधी का इतना बड़ा मुद्दा हुआ तो भी कांग्रेस एकजुट नहीं दिख रही है। मध्य प्रदेश में भी विधानसभा में जीतू पटवारी के मसले पर एकजुटता नहीं दिखा पाए। इस पर दिग्विजय सिंह का कहना था कि कांग्रेस एकजुट है। राहुल गांधी की सदस्यता खत्म के मुद्दे पर पूरे देश में आक्रोश है। कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है।

भोपाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर बोले
भोपाल में आज होने वाले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम शिवराज सिंह, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बैठक है। आगामी चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जा रही है। इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि बनाने दो रणनीति। आगामी चुनाव में कांग्रेस जीत रही है और कमलनाथ मुख्यमंत्री बन रहे हैं।

किसानों को 6 हजार दे रहे हैं, 30 हजार रुपए निकाल रहे हैं
दिग्विजय सिंह ने किसान सम्मान निधि पर कहा है कि सरकार किसानों को 6 हजार रुपए सम्मान निधि के रूप में दे रही है लेकिन खेती के उपकरण और सामग्री महंगी कर जेब से 30 हजार रुपए निकाल रही हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि एक दलित महिला को बिजली कनेक्शन काटने वाले बिजली वालों के पीछे दौड़ते हुए आने का वीडियो वायरल हुआ है। इस पर शिवराज मामा उर्फ मामू को शर्म आनी चाहिए। क्या यह लाड़ली बहना योजना है।