हरियाणा में सक्रिय होने जा रहे दो पश्चिमी विक्षोभों से जहां गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हरियाणा के करनाल, पानीपत सहित कई जिलों में बारिश की भी संभावना है। वहीं इस साल मौसम की पहली धूल भरी आंधी जल्‍द चलेगी।
अभी तक चल रही गर्म व शुष्क हवा बदलकर नमी युक्त हो सकती हैं। इस समय हवा में नमी घटकर महज 11 फीसदी रह गई है, मौसमी गतिविधियों में बदलाव आया तो नमी की मात्रा 50 फीसदी से ऊपर जा सकती है, जो लू के प्रभाव को कम करने में मदद करेंगी। पिछले एक सप्ताह से मैदानी और पर्वतीय कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है।
अधिकांश राजस्थान और हरियाणा के दक्षिणी हिस्से चिलचिलाती गर्मी से जूझ रहे हैं, दिन का तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। करनाल में भी 11 अप्रैल को रिकार्ड 42.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। जो साल 2017 के बाद सबसे अधिक है।