सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने गुरुवार को गुजरात में भारतीय समुद्री सीमा पार करते हुए चार पाकिस्तानी मछुआरों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 10 नौकाओं को भी जब्त किया गया है। कच्छ के 'हरामी नाला' क्षेत्र के पास से चारों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, नौकाओं से कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है। सीमा सुरक्षा बल के प्रवक्ता ने बताया, एक विशेष घात दल ने सीमा स्तंभ संख्या 1165 और 1166 के बीच कुछ आवाजाही देखी। इसके बाद जवान सतर्क हो गए और उन्होंने हरामी नाला के पास भारत की समुद्री सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे मछुआरों को धर दबोचा। अधिकारियों ने बताया पूरे इलाके की तलाशी की जा रही है।