हर महिला को अपने लंबे नाखून बेहद पसंद होते हैं। वह अपने लंबे नेल्स पर तरह-तरह के नेल आर्ट डिजाइन बनाकर उसकी खूबसूरती को बढ़ाती हैं। लेकिन वहीं कुछ महिलाएं ऐसी भी होती हैं, जिन्हें लंबे नेल्स भाते तो हैं, लेकिन फिर भी उनके नेल्स की ग्रोथ नहीं होती। जिसके कारण उन्हें या तो फेक नेल्स का इस्तेमाल करना पड़ता है या फिर वह अपने छोटे नेल्स से ही काम चलाती हैं।

किसी भी नेल पेंट को अप्लाई कर लेना

आजकल मार्केट में बेहद सस्ती क्वालिटी की नेलपेंट कम दामों में मिल जाती है और महिलाएं इन्हें खरीद भी लेती हैं। हालांकि, किसी भी नेल पॉलिश को खरीदने से पहले दो बार सोच लें, क्योंकि खराब क्वालिटी की नेल पॉलिश आपके नाखूनों के विकास में बाधा डाल सकती है। बेहतर होगा कि आप किसी अच्छे ब्रांड की नेल पॉलिश ही खरीदें। साथ ही इस बात पर भी ध्यान दें कि आप ऐसी नेल पॉलिश लगाएं जिसमें विटामिन हो।

एसीटोन युक्त नेल पेंट रिमूवर इस्तेमाल करना

नेल्स को ब्यूटीफुल बनाने के लिए अमूमन महिलाएं डिफरेंट शेड्स की नेल पेंट का इस्तेमाल करती हैं और फिर उसे हटाने के लिए नेल पेंट रिमूवर का सहारा लेती हैं। लेकिन क्या आपने कभी इस बात पर ध्यान दिया है कि आपके द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली नेल पॉलिश रिमूवर भी आपके नेल्स पर विपरीत प्रभाव डाल सकती है। दरअसल, अगर आप ऐसे नेल पॉलिश रिमूवर को यूज कर रही हैं, जिसमें बहुत अधिक एसीटोन है तो इससे आपके नेल्स और क्यूटिकल्स सूख सकते हैं, जिससे उनके टूटने की संभावना बढ़ जाती है।

हमेशा ही नेल पेंट लगाए रखना

कुछ महिलाओं को नेल पेंट कलर्स इतने पसंद होते हैं कि एक रिमूव करने के बाद वह दूसरा तुरंत लगा लेती है। लेकिन आपको यह समझना चाहिए कि आपको भी अपने नाखूनों को ब्रेक देने की जरूरत है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप अपनी नेल पॉलिश से कितना प्यार करती हैं, बहुत अधिक नेल पॉलिश आपके नाखूनों को कमजोर बना सकती है और इससे उनका रंग भी बदल सकता है। इसलिए, सप्ताह में कम से कम एक या दो दिन अपने नेल्स पर नेल पेंट ना लगाएं और नेचुरल लुकिंग नेल्स का आनंद लें।

मॉइश्चराइजिंग को नजरअंदाज करना

जिस तरह स्किन की केयर करने के लिए उसे सही तरह से मॉइश्चराइज करना जरूरी होता है, ठीक उसी तरह नाखूनों और क्यूटिकल्स को भी मॉइश्चराइज करना चाहिए। ऐसा ना करने से भी आपके नाखून ठीक से नहीं बढ़ते हैं। बेहतर होगा कि आप अपने क्यूटिकल्स को हेल्दी और नमीयुक्त रखने के लिए, हर रात सोने से पहले अपने क्यूटिकल्स पर क्यूटिकल ऑयल या फिर नेचुरल ऑयल लगाना ना भूलें।

नेल्स को गलत तरीके से फाइल करना

अमूमन नेल्स को बेहतर शेप देने के लिए नेल फाइल का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन नेल फाइल का गलत तरीके से उपयोग करने से भी नाखूनों की ग्रोथ धीमी हो जाता है। यदि आप अपने नाखूनों को थोड़ा बहुत बार-बार फाइल करते हैं या बहुत हार्श तरीके से नेल फाइल का उपयोग करते हैं, तो आप वास्तव में अपने नाखूनों को नुकसान पहुंचा रही हैं। इसलिए, नेल फाइल का इस्तेमाल जेंटल और सही तरीके से करें।