सृजन में शब्दों को संस्कार मिलते हैं, विचारों को दिशा मिलती है विशाखापटनम की संस्था सृजन की ऑनलाइन काव्य साहित्य चर्चा संपन्न
विशाखापटनम। आज अपने मासिक कार्यक्रम के अंतर्गत विशाखापटनम की सक्रिय हिंदी साहित्य संस्था सृजन ने अपने 174 वें कार्यक्रम के रूप में सदस्यों की काव्य रचनाओं पर साहित्य चर्चा का ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया। सृजन के रचनाकारों ने अपनी स्वरचित कविताएं प्रस्तुत की जिस पर सदस्यों द्वारा विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का आरंभ डॉ मधुबाला कुशवाहा के सरस्वती वंदना से हुआ। वाराणसी रमणी ने अपने स्वागत भाषण में सभी उपस्थित रचनाकारों का स्वगत किया और कहा- कविता लिखना यानी मन के भीतर से उठती सुगबुगाहट भरी संवेदना को शब्दों का जामा पहनना है। कहते हैं कवि किसी भी विषय पर लिख सकता है, उसे कोई सीमा में बांध नहीं सकता। ऐसी ही रचनाओं के साथ सृजन का कार्यक्रम कविताओं को समर्पित काव्य चर्चा है। संस्था के सचिव डॉ टी महादेव राव ने अपने उद्बोधन में कहा - सृजन संस्था केवल काव्य-पाठ और विमर्श का मंच नहीं, बल्कि वह सृजनात्मक यात्रा है जहाँ शब्दों को संस्कार मिलते हैं, विचारों को दिशा मिलती है और साहित्य सामाजिक उत्तरदायित्व का स्वरूप ग्रहण करता है। इस मंच से अनेक रचनाकार साहित्य के मूल्यों को आत्मसात करते हुए संवेदनशील समाज के निर्माण में अपना सृजनात्मक योगदान दे रहे हैं। सभी रचनाकारों से लगातार लिखने की बात कहते हुये सभी को सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन सृजन के वरिष्ठ सदस्य तेलुगु और हिन्दी के रचनाकार बी एस मूर्ति ने अपनी विशेष शैली में सफलतापूर्वक किया। सबसे पहले वाराणसी रमणी (हैदराबाद तेलंगाना) ने मर्मस्पर्शी कविता रिश्ते में सुनाया -हमने रिश्तों को नहीं सँवारा था, रिश्तों ने ही हमें सँवारा था। इसमें शिकायत से स्वीकृति तक की पूरी यात्रा है। शिकायत नहीं, सुलह की कविता है। डॉ एम विजयगोपाल (विशाखापटनम) ने माँ मुझे माफ कर दो पढ़ी। यह कविता साहित्यिक सौंदर्य से अधिक वैचारिक उद्बोधन है। यह गीत के विवाद पर अपनी स्पष्ट स्थिति रखती है और पाठक को याद दिलाती है कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, एक चेतना और शक्ति का मंत्र है। डॉ शकुंतला बेहुरा (भुबनेश्वर ओड़ीशा) की सामयिक और सशक्त कविता बांसुरी की धुन सुनाई। यह सिर्फ बांसुरी की नहीं, एक कलाकार, एक संवेदनशील मन की अकेलेपन की कविता है। यह एक विरह से विश्वास तक की यात्रा है।
एल चिरंजीवी राव (इच्छापुरम आंध्र प्रदेश) ने इरादे कविता सुनाई। एक अनुभवी मन की, भीड़ से अलग हटकर अपनी मंजिल खुद तय करने वाले व्यक्ति की कविता है। इसमें शिकायत कम, स्वीकृति और आत्म-संयम ज्यादा है। बी राधारानी (विशाखापटनम) ने पढ़ी कविता मेरी दोस्त। यह कविता में दोस्ती का शोर नहीं, उसकी नर्म उपस्थिति है। यह कविता कविता से अधिक एक "शुकराना" है। इसमें वो दोस्ती है जो ज्ञान नहीं देती, साथ देती है। डॉ के अनिता (विशाखापटनम) की रचना ईमानदारी एक सीधी, नैतिक और प्रेरक कविता है। डॉ. अनिता ने ईमानदारी को केवल व्यक्तिगत गुण नहीं, बल्कि सामाजिक निर्माण की नींव के रूप में देखा है — विद्यार्थी, शिक्षक, व्यापारी, अधिकारी, नेता तक इसका विस्तार बहुत अच्छा लगा। यह एक ईमानदार मन से लिखी गई, ईमानदारी पर लिखी गई कविता है। डॉ मधुबाला कुशवाहा (विशाखापटनम) ने रिश्तों की रोशनी कविता पढ़ी। कविता हमें याद दिलाती है कि रिश्ते ही जीवन की असली पूँजी हैं, और जहाँ रिश्तों के लिए जगह है, वहीं मानवता बची है। यह एक सकारात्मक, संवेदनशील और आज के समय में प्रासंगिक कविता है। एस वी आर नायडू (विशाखापटनम) की कविता दुर्गापूजा एक सार्थक, विचारोत्तेजक और समय के अनुकूल रचना है। माँ दुर्गा की आराधना के साथ स्वच्छता और संवेदनशीलता का संदेश देना ही सच्ची पूजा है, यही आपने सुंदरता से कहा है। डॉ टी महादेव राव (विशाखापटनम) कविता तुम,,शाम और मैं लेकर उपस्थित हुये। इस कविता का आखिरी बंद —दुनियां के अपने सफ़र में / तुम्हारे वजूद को बताना / एक फलसफा भरा सोच है। प्रेम को श्रृंगार से उठाकर दर्शन तक ले जाते हैं। साथी का होना सिर्फ सुख नहीं, जीवन के अर्थ का हिस्सा बन जाता है। यही पंक्ति कविता को सिर्फ प्रेम-कविता नहीं रहने देती, उसे जीवन-कविता बना देती है। बी एस मूर्ति (विशाखापटनम) ने पढ़ी अंतिम निर्णय कविता। कविता कहती है कि जीवन के अंतिम चरण में भी मनुष्य को अपने सम्मान और शांति के लिए अटल निर्णय लेने का अधिकार है। वृद्धाश्रम को ही अपना नया परिवार बना लेना, एकाकी बुजुर्गों के लिए एक नई सोच भी है। संवेदनशील विषय को सहज शब्दों में पिरोया गया है। रचनाकारों ने सभी कविताओं पर चर्चा किया, अपनी बात रखी। दिन ब दिन कविताओं में निखरती गुणवत्ता पर सभी ने हर्ष व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ के अनीता ने पूरे कार्यक्रम का सार संक्षेप प्रस्तुत किया और सभी का आभार माना। सूचना दी गई की सृजन का अगला कार्यक्रम 15 नवंबर 2026 को होगा।
डॉ टी महादेव राव
सचिव सृजन
विशाखापटनम



भाई दूज पर यमराज को प्रसन्न करने का क्या है महत्व? जानें धार्मिक मान्यता
शुक्र मार्गी 2026: इन 4 राशियों पर बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा, धन-संपत्ति में होगी वृद्धि
मध्यप्रदेश में बिजली बिल का बड़ा बकाया, सरकारी विभागों पर 2,411 करोड़ रुपये बाकी
भोपाल में पत्रकारों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, 13 नवंबर से जेके हॉस्पिटल में होगी जांच
बंगाल में ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ाने की तैयारी, चुनावी हलफनामे पर कोर्ट जाएंगे शुभेंदु


