जोधपुर जिले के बोरुंदा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक शिकारी अपनी ही गोली से जान गंवा बैठा। इलाके में शिकार करने कुछ युवक बंदूक लेकर पहुंचे थे। ग्रामीणों को जब शिकार की भनक लगी तो उन्होंने एक शिकारी को घेर लिया। उसकी जमकर धुनाई कर दी। इस दौरान शिकारी की बंदूक से गोली चली जो उसी के पेट में लग गई। घटना में उसकी मौत हो गई। सूचना पर आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।

शुक्रवार रात देवनगर क्षेत्र की गुर्जरों की ढाणी के पास कुछ लोग शिकार कर रहे थे। गोली चलने की आवाज सुन बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शिकारियों को घेर लिया। कुछ शिकारी भाग निकले, जबकि एक शिकारी रतकुड़िया निवासी सवाईराम पुत्र चेलाराम नायक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। शिकार की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी पिटाई करना शुरू कर दिया। इस दौरान सवाईराम के हाथ में थामी बंदूक का ट्रिगर दब गया। उससे निकली गोली पेट में जा लगी और अधिक खून बहने से उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। देर रात सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।