जयपुर । पशुपालन मंत्री लाल चन्द कटारिया ने विधानसभा में विधायक श्रीमती प्रीति गजेन्द्र सिंह शक्तावत के मूल प्रश्न के उत्तर में  कहा कि पशु चिकित्सा अधिकारियों के 900 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होते ही विधानसभा क्षेत्र वल्लभनगर पशु चिकित्सा अधिकारियों के रिक्त पदों को भर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में वल्लभनगर में 21 पशुधन सहायकों की नियुक्ति भी की गई है।
कटारिया ने कहा कि पशु चिकित्सा अधिकारी के पदों की भर्ती प्रकरण वर्तमान में उच्च न्यायालय में लम्बित है तथा न्यायालय से निर्णय होते ही चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में राज्य सरकार द्वारा 730 पशुधन सहायकों की नियुक्ति की गई है, इनमें से 43 पद उदयपुर जिले में भरे गए हैं तथा उनमें से 21 को वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में नियुक्त किया गया है। वल्ल्भकनगर विधानसभा क्षेत्र में पशु चिकित्सा अधिकारी  के 8 तथा पशुधन सहायकों के 40 पद रिक्त हैं। उन्होंने बताया कि 197 पशु चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक अस्थाई आधार पर नियुक्ति दी गई है तथा 900 पशु चिकित्सा अधिकारियों की नियमित भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त 1436 पशुधन सहायकों की नियमित भर्ती के तहत 730 पशुधन सहायकों को नियुक्ति  दी जा चुकी है तथा शेष पशुधन सहायकों की नियमित नियुक्ति एवं 300 पशुधन सहायकों की आवश्यक अस्थाई आधार पर नियुक्ति की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों को कार्मिकों की उपलब्धता अनुसार भरा जाता है।