मोहाली में इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर हमला सोमवार शाम 7.45 बजे हुआ। तब तक छुट्‌टी हो चुकी थी। वहां से तमाम बड़े अफसर और कर्मचारी घर जा चुके थे। जिस वक्त हमला हुआ, सिर्फ नाइट ड्यूटी वाली टीम ही मौजूद थी। इस वजह से कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ। हेडक्वार्टर के आसपास एक प्राइवेट अस्पताल और स्कूल भी है। बगल में ही मोहाली के SSP का भी ऑफिस है। हेडक्वार्टर की बिल्डिंग के बाहर से ही यह हमला किया गया। इस हमले के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी  भी एक्टिव हो गई है। NIA की एक टीम मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे पंजाब इंटेलिजेंस ऑफिस पहुंच गई। NIA आतंकी एंगल होने की वजह से इसकी जांच के लिए पहुंची है।

हमला करीब 80 मीटर दूर से किया गया है। अज्ञात हमलावर पर केस दर्ज कर लिया है। इसके बाद इंटेलिजेंस इलाके में CCTV फुटेज, मोबाइल टावर खंगाल रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि मोहाली ब्लास्ट उन लोगों की कायराना हरकत है जो पंजाब की शांति भंग करना चाहते हैं। पुलिस को हमले के वक्त बाहर एक स्विफ्ट कार घूमती दिखी है। इसी कार से अटैक किए जाने की आशंका है। हमले के बाद यह कार वहां से गायब हो गई। उसमें 2 संदिग्ध होने की सूचना है। इसके लिए हेडक्वार्टर के सामने की पार्किंग का इस्तेमाल किए जाने की संभावना है।

मोहाली में हुए ब्लास्ट के मामले में सीएम भगवंत मान ने पुलिस अफसरों की मीटिंग बुला ली है। जिसमें इंटेलिजेंस विंग के अफसरों को भी बुलाया गया है। इस घटना से जुड़ी बारीक से बारीक डिटेल निकाली जा रही है। इस ब्लास्ट को लेकर कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अभी कुछ और गिरफ्तारियां की जाएंगी। पंजाब पुलिस इस ब्लास्ट की जड़ तक पहुंचेगी। शाम तक काफी कुछ स्पष्ट हो जाएगा और बड़ा खुलासा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मीडिया के जरिये स्पष्ट करना चाहते हैं कि जिसने भी पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश की, उसे बपख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों को इतनी सख्त सजा दी जाएगी कि उनकी कई पीढ़ियां याद रखेंगी इस हमले से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने इतना जरूर कहा कि कम दूरी से यह हमला किया गया है। इस हमले के बाद पूरे पंजाब में हाई अलर्ट कर दिया गया है। मोहाली और उससे सटे चंडीगढ़ के बॉर्डर पर सख्ती बढ़ा दी गई है। यहां लगातार चेकिंग चल रही है।