पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दूसरी बार शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। 7 जुलाई को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान शादी करेंगे। उनकी दुल्हन डॉ गुरप्रीत कौर होंगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी शादी समारोह में शामिल होंगे। शादी का कार्यक्रम मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास पर आयोजित किया जाएगा। भगवंत मान की पहली शादी इंद्रप्रीत कौर के साथ हुई थी। भगवंत मान के बेटे दिलशान मान (17) और बेटी सीरत कौर मान (21) अमेरिका में अपनी मां इंद्रप्रीत कौर के साथ रहते हैं। 20 मार्च 2015 को भगवंत मान इंद्रप्रीत कौर ने कोर्ट में आपसी सहमति से तलाक की अर्जी लगाई थी। इस अर्जी में मान का तर्क था कि वे राजनीति के चलते अपनी पत्नी से तलाक ले रहे हैं। लोगों ने विश्वास से उन्हें चुना है। कोर्ट में दी गई अर्जी में भगवंत मान की पत्नी ने शर्त रखी थी कि वे अगर मान भारत छोड़कर कैलिफोर्निया शिफ्ट हो जाते हैं तो तलाक की अर्जी वापस ले लेंगी।दूसरी ओर मान राजनीति छोड़कर विदेश नहीं जाना चाहते थे। मान का तर्क था कि वे लोगों का विश्वास नहीं तोड़ सकते। अगर उनकी पत्नी उनके साथ भारत में सैटल होना चाहती हैं तो वे तलाक की अर्जी वापस ले लेंगे।  भगवंत मान ने अपने तलाक का कारण अपने फेसबुक पेज पर भी शेयर किया था।