भीषण गर्मी से तप रहे देश के लिए राहत भरी खबर है। मानसून ने अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में दस्तक दे दी है। केरल में यह 27 मई तक पहुंच जाएगा। मौसम विभाग ने सोमवार को कहा,मानसून अगले दो तीन दिनों में पूरे अंडमान सागर, अंडमान निकोबार द्वीप समूहों, मध्यपूर्व बंगाल की खाड़ी में छा जाएगा। आमतौर पर इन क्षेत्रों में मानसून 22 मई को सक्रिय होता है। इस बार यह छह दिन पहले सक्रिय हो गया है। वहीं, केरल में यह सामान्य तिथि से पांच दिन पहले पहुंच सकता है।राजधानी में मंगलवार को भी धूल भरी आंधी और हल्के बादलों के आसार हैं। इस वजह से लोगों को लू से राहत रहेगी। वहीं, उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के राज्यों को भी लू से राहत की उम्मीद है। विभाग ने कहा कि इन राज्यों में लू में कमी आने की संभावना है। अगले चौबीस घंटों में केरल, पूर्वोत्तर राज्यों एवं उत्तर के पर्वतीय राज्यों में बारिश होगी।