धनबाद। जून के पहले सप्ताह में मौसम झुलसाने वाला रहा। पारा 43 डिग्री पर रहने से शहरवासी भीषण गर्मी से परेशान रहे। सूर्योदय के बाद से धूप की तल्खी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। दिन ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। शाम छह बजे तक झुलसाने वाली गर्म हवा से जूझना पड़ रहा है।

प्रचंड गर्मी से अगले दो-तीन दिनों तक राहत मिलने की संभावना नहीं है। नौ जून से तापमान 44 डिग्री पर जाने का अनुमान है, जो दो-तीन दिनों तक बना रह सकता है। दिन के साथ-साथ रात में भी उमस भरी गर्मी जैसे हालात बन सकते हैं। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग से जारी पूर्वानुमान में 10 जून को आंशिक बादल छाने की संभावना जताई गई है। 11 को उत्तर पूर्वी जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है। 12 व 13 जून को भी गर्जन के साथ बूंदाबांदी की उम्मीद है।

मौसम केंद्र रांची के विज्ञानी ने बताया कि अरब सागर में अति गंभीर निम्नदाब का क्षेत्र बना हुआ है जिसके समुद्री चक्रवात में बदलने की पूरी संभावना है। अगर चक्रवात बना तो उसका नाम विपर्जय होगा जिसका नामकरण बांग्लादेश ने किया है।

मानसून अध्ययनकर्ता डा. का कहना है कि आमतौर पर धनबाद में 12 जून तक मानसून का प्रवेश हो जाता है। इस बार एक सप्ताह देर होने के आसार हैं। मानसून अब तक केरल नहीं पहुंचा है। अरब सागर में चक्रवात से मानसून के आगमन में और देर हो सकता है।