केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आम चुनाव 2024 को लेकर बड़ी बात कही है। रविवार को सूरत में आयोजित भाजपा विधायक के सम्मान समारोह को वर्चुअली संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात चुनाव के नतीजों से पूरी राजनीतिक तस्वीर बदल जाएगी। इसका सकारात्मक असर लोकसभा चुनाव 2024 पर भी होगा। शाह ने कहा कि गुजरात चुनाव 2022 में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। इसमें पार्टी ने अपने ही राज्य में अपना रिकॉर्ड तोड़ते हुए अधिकांश सीटें जीत लीं। यह जीत इस बात का उदाहरण है कि गुजरात भाजपा का मजबूत गढ़ है। भाजपा विधायकों का सम्मान समारोह सूरत शहर व सूरत जिला भाजपा ने आयोजित किया था। 

शाह ने कहा कि इस चुनाव में कई नई पार्टियां आईं, अलग-अलग दावे और गारंटी की, लेकिन नतीजे आने पर इन सभी पार्टियों को कुचल दिया गया। नतीजों ने दिखाया कि गुजरात के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी का स्वागत करने के लिए तैयार थे। इस जीत ने देश को एक मजबूत संदेश दिया है कि गुजरात क्षेत्र भाजपा का गढ़ था और रहेगा। गृह मंत्री ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव में यह जीत देश भर के कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह, प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत है। इस जीत से पूरी राजनीतिक तस्वीर बदल जाएगी और नतीजों का 2024 के लोकसभा चुनाव पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

अमित शाह ने आप पर कसा तंज
शाह ने आम आदमी पार्टी पर ताना कसते हुए कहा कि नई पार्टियां ने चुनाव से पहले बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन नतीजों के बाद उनका सफाया हो गया। बता दें, अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप ने गुजरात में खूब ताकत आजमाई थी और कई अहम वादे किए थे, हालांकि, वह सिर्फ पांच सीटें ही जीत सकी। वहीं, कांग्रेस 17 सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर रही। बता दें, 8 दिसंबर को हुई गुजरात चुनाव की मतगणना में भाजपा ने विधानसभा की 182 सीटों में से 156 सीटों पर रिकॉर्ड तोड़ जीत हासिल की है।