गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को रिकार्ड बहुमत मिला है। कांग्रेस का पिछली बार से भी खराब प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। भाजपा 154, कांग्रेस 20, आम आदमी पार्टी 5 और अन्य तीन सीटों पर आगे चल रहे हैं।गुजरात की मुख्य चुनाव अधिकारी भारती ने मंगलवार को बताया कि गुजरात की 182 विधानसभा सीट के लिए निरीक्षक एवं सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। चुनाव आयोग की ओर से मतगणना के लिए राज्य में 367 स्थलों पर व्यवस्था की गई है इसके लिए 182 मतगणना निरीक्षक और 494 सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आने लगे हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल घाटलोडिया सीट से, विरमगाम सीट से हार्दिक पटेल, जेतपुर सीट से जयेश रादडिया, वाघोडिया सीट पर धर्मेन्द्रसिंह वाघेला और कतारगाम सीट पर विनोद मोरडिया ने जीत दर्ज की है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को जीत की बधाई दी है। पटेल एक बार फिर गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर पदभार संभालेंगे।गुजरात विधानसभा चुनाव के रुझानों से उत्साहित मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य के भाजपा अध्यक्ष सी.आर. पाटिल ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। भाजपा अभी तक 2 सीटों पर जीत हासिल कर 151 सीटों पर आगे चल रही है। मुख्यमंत्री अपने निर्वाचन क्षेत्र घाटलोडिया से 1,07,960 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं।गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि कई सालों से विपक्ष ने गुजरात की धरती और लोगों को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। आज फिर से जनता ने ये प्रमाण पत्र दे दिया है कि गुजरात की जनता और भाजपा विश्व की सर्वश्रेष्ठ जोड़ी है। इस चुनाव में भी विपक्ष ने मेरी इस धरती को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी और जनता ने जवाब देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। लोगों का जनादेश ये स्पष्ट करता है कि यहां गुजरात और देश को तोड़ने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।