डिंडौरी ।  सिवनी नदी में बाढ़ के चलते दर्जनों गांव का संपर्क जनपद मुख्यालय से टूट गया है। करंजिया और बजाग जनपद क्षेत्र में सोमवार की रात से ही झमाझम बारिश का दौर जारी है। तेज बारिश के चलते नदी नालों का जलस्तर बढ़ गया है। सिवनी नदी में बाढ़ के चलते गोरखपुर से गोपालपुर मार्ग रात तीन बजे से बंद हो गया है। इसी के साथ सड़वा से झनकी मार्ग भी सुबह पांच बजे से बंद है। पानी पुल के ऊपर से होने के चलते यह मार्ग में आवागमन बंद हो गया है। जन जीवन में भी असर पड़ा है। जनपद मुख्यालय करंजिया आना जाना सुबह से ही दर्जनों गांव के लोगो का बंद है। अभी भी क्षेत्र में बारिश का दौर जारी है। इसी तरह जिला मुख्यालय में भी सोमवार की सुबह से शुरू हुआ रुक-रुक कर बारिश का दौर रात में भी जारी रहा। सुबह भी रिमझिम बारिश हो रही है। नर्मदा नदी का जलस्तर भी बढ़ा है। बारिश के चलते बिलगढा बांध का एक गेट मंगलवार की सुबह खोला गया है। बताया गया कि बारिश और होने पर और गेट खोले जाएंगे। क्षेत्र में बारिश के चलते जहां धान की फसलों को राहत मिलेगी, वहीं अन्य फसल प्रभावित हो सकते हैं। किसान इस को लेकर चिंतित हो रहे हैं।