जयपुर में मंगलवार सुबह विश्वकर्मा थाना इलाका स्थित एक फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में लिया। इस दौरान अंदर फंसे मजदूरों ने जान बचाने के लिए छत से छलांग लगा दी। इनमें से चार मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री में प्लास्टिक पाइप की पैकिंग का काम होता है।

बता दें कि विश्वकर्मा रोड नंबर 14 पर विद्याधर नगर जयपुर निवासी आशीष माणक बोहरा की श्री कृष्णा इंजीनियरिंग वर्क्स के नाम से फैक्ट्री है। यहां फैक्ट्री में प्लास्टिक पाइप की पैकिंग का काम होता है। बताया जा रहा है कि बीती रात यहां मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान मंगलवार तड़के पांच बजे फैक्ट्री में आग लगने का हल्ला मचा। अंदर फंसे लोग कुछ समझ पाते तब तक आग ने भयानक रूप ले लिया। लोग जान बचाने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन बढ़ती आग के बीच कुछ मजदूर छत से ही कूद गए। इस दौरान चार मजदूरों को चोट आईं। सूचना पर थाना प्रभारी रमेश सैनी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को कांवटिया अस्पताल ले जाया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा: फायर अधिकारी राजेन्द्र के अनुसार जैसे ही फैक्ट्री में आग की सूचना मिली तुरंत ही दो वाहनों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री में प्लास्टिक का काम होता है। इस कारण से आग ने और भी ज्यादा विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने में कर्मियों को बहुत मशक्कत करनी पड़ी। दो दमकलों की सहायता से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अंदेशा जताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से फैक्ट्री में आग लगी है।

ये हुए घायल: घायल होने वालों में बक्सर बिहार निवासी बसंत यादव, बाराबंकी उ.प्र निवासी सर्वेश रावत, सुमेरगंज बाराबंकी उ.प्र निवासी ननकाऊ और सुरोठ करौली निवासी राकेश गुर्जर घायल हो गए। मजदूरों ने पुलिस को बताया कि आग से झुलस ना जाए इसके लिए छत से कूदना पड़ा। छत से कूदने की वजह से उनके घुटने टूटे गए।