पंजाब के जिला लुधियाना में आज तड़के जोधेवाल बस्ती नजदीक एक धागा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने से लाखों रुपए की ऊन राख हो गई। फैक्ट्री से धुंआ निकलता देख आस-पास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचित किया। लोगों ने खुद भी आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग देखते ही देखते बढ़ गई।

आग लगने से पूरी इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं आस-पास की फैक्ट्री वालों तक भी आग की लपटें पहुंचने लगी। करीब 1 घंटे की मेहनत के बाद मौके पर पहुंच दमकल विभाग के कर्मचारियों ने फायर पर कंट्रोल किया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

न्यू शक्ति नगर की गली नंबर 8 में स्थित श्रीराम मूल ट्रेडर्स फैक्ट्री की चौथी मंजिल में आग लगी देख लोगों ने उसके मालिक को नीरज गोयल को फोन पर सूचित किया। लोगों ने ही फायर ब्रिगेड को बुलाया। घटनास्थल पर थाना टिब्बा और थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को भीड़ को खदेड़ा। बताया जा रहा है कि करीब 8 से 10 गाड़ियां दमकल विभाग की आग बुझाने में लगी।

जानकारी के अनुसार, फैक्टरी में धागा बनाया जाता है। सुबह जिस समय आग लगी, उस समय फैक्टरी में दो-तीन लोग काम कर रहे थे। चौथी मंजिल पर धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और काम कर रहे वर्करों को बाहर निकाला। इसके बाद लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया मगर आग धीरे-धीरे फैलती गई। फैक्टरी के अंदर धागा पड़ा होने के कारण आग तेजी से फैली और पूरे एरिया में धुआं भर गया।