अहमदाबाद | गुजरात विधानसभा के चुनावों को लेकर राज्य में भाजपा और कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं| आज नरेश पटेल के कांग्रेस में शामिल होने की खबरों के बीच गुजरात आए राजस्थान भाजपा के प्रमुख सतीश पुनिया ने बड़ा दावा किया है| सतीश पुनिया ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात कांग्रेस को दुर्गती से नहीं बचा पाएंगे| गुजरात और राजस्थान कांग्रेस पर प्रहार करते हुए पुनिया ने कहा कि कांग्रेस गुजरात ही पूरे देश में काफी कमजोर हो चुकी है| अशोक गहलोत चाहकर भी कांग्रेस को संजीवनी नहीं दे पाएंगे| प्रशांत किशोर के गुजरात कांग्रेस के लिए काम करने के बारे में सतीश पुनिया ने कहा कि वह कांग्रेस के लिए विशेषज्ञ जरूर बन सकते हैं| लेकिन जब गुजरात में कांग्रेस का जनाधार ही खत्म हो चुका है, ऐसे में प्रशांत किशोर वोट कहां से लाएंगे| उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में कांग्रेस की ऐसी दुर्गती होगी जो अब तक कभी नहीं हुई| प्रशांत किशोर चाहे कितना प्रयास कर लें, कांग्रेस को दोबारा खड़ी नहीं कर पाएंगे| सतीश पुनिया ने कहा कि वर्ष 2022 में गुजरात, 2023 में राजस्थान और वर्ष 2024 में फिर एक भारत हिन्दुस्तान जीतेंगे| राजस्थान चुनाव वसुंधरा राजे के चेहरे पर लड़े जाने के सवाल पर पुनिया ने कहा कि हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चुनाव लड़ते हैं| हमारी कोशिश है कि 2023 में कांग्रेस को परास्त कर राजस्थान में सरकार बनाएं| उन्होंने कहा कि जनसंघ के दौरान 3 प्रतिशत वोट मिलते थे, आज लोकसभा में भाजपा की 303 सीटें हैं| अब कांग्रेस केवल राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सत्ता में है| उत्तर प्रदेश में गुजरात कांग्रेस के लोगों ने भी पूरी ताकत लगाई लेकिन सफलता नहीं मिली| राजस्थान के लोग जमीन पर मजबूत हैं| हम एक-दूसरे से सीखते हैं और मदद करते हैं| हमारे लोग बनासकांठा आते हैं और यहां के लोगों की मदद करते हैं| 2023 में यही अनुभव राजस्थान में काम आएगा| हमारी सरकार में राम मंदिर, धारा 370 जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले किए गए हैं|