दिल्ली के मुंडका अग्निकांड हादसे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस थ्री-डी मैपिंग तकनीकी का प्रयोग करेगी। इसके लिए जल्द ही टीम घटनास्थल का दौरा करेगी। जांच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि थ्री-डी मैप के जरिए पूरी इमारत के अंदर के मानचित्र को रिक्रिएट किया जाएगा। इसकी सहायता से पुलिस को घटना के समय की परिस्थिति को समझने में सहायता मिलेगी।पुलिस अधिकारी ने बताया कि मनीष लाकड़ा से भी इमारत के बारे में पूछताछ की जा रही है। इसमें इमारत के मानचित्र, समझौते के कागज और किराए की रकम की जानकारी शामिल है। मनीष से इमारत के बारे में मिली जानकारियों को थ्री-डी मैप से बने मैप से मिलाया जाएगा। इसके लिए निजी कंपनी का सहारा लिया जाएगा।बता दें कि, इस तकनीकी का इस्तेमाल होटल अर्पित अग्निकांड और अनाज मंडी हादसे में भी किया गया था। इसकी वजह से पुलिस को यह समझने में आसानी हुई कि आखिर किस कारण लोगों को हादसे के वक्त निकलने में बाधा पहुंची।