अयोध्या। अयोध्या में एक तरफ जहां प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ अयोध्या में डबल इंजन की सरकार विकास की गंगा बहा रही है। यही वजह है कि, अब काशी की तर्ज पर रामनगरी अयोध्या में भी कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा। जिसका यहां के स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भी समर्थन किया है। दरअसल व्यापारियों का कहना है कि काशी की तर्ज पर अगर अयोध्या में कॉरिडोर बन रहा है, तो हम लोगों के लिए सौभाग्य की बात है। कॉरिडोर की वजह से श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ेगी। जिससे हम लोगों के व्यापार और आय में वृद्धि होगी। साथ ही व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों की सराहना भी की।
  व्यापारी आनंद कुमार गुप्ता बताते हैं कि, कॉरिडोर बन जाने से व्यापारी भाइयों को काफी फायदा होगा। कॉरिडोर बनने के बाद जैसे काशी के व्यापारियों में खुशी की लहर है, ठीक वैसे ही अयोध्या में भी विकास और पर्यटन को पंख लगेगा। कॉरिडोर के लिए हमने अपनी स्वेच्छा से जमीन छोड़ दी है। वहीं व्यापारी कृष्ण कुमार गुप्ता बताते हैं कि अयोध्या में बन रहा कॉरिडोर हम लोगों के लिए सौभाग्य की बात है।