इंदौर ।  इंदौर शहर के कांग्रेसी शनिवार सुबह आरएसएस के मुख्यालय अर्चना कार्यालय पहुंचे और आरएसएस को राष्ट्रध्वज सौंपा। जवाब में संघ के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसियों को दो पुस्तक और दिए भेंट किए। शहर कांग्रेस द्वारा शनिवार काे सुबह 9.30 बजे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के रामबाग स्थित अर्चना कार्यालय पर तिरंगा भेंट किया गया। अर्चना कार्यालय में किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था। शहर कांग्रेस प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल, सूचना अधिकार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष गिरीश जोशी ने बताया की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पूरा देश अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। कांग्रेस का हर घर झंडा घर घर झंडा अभियान तीन चरणों में पूरा हो चुका है। भाजपा के सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, भाजपा विधायक, प्रवक्ता सहित शहर के कई गणमान्य नागरिकों को निशुल्क राष्ट्रध्वज भेंट किया जा चुका है। इसी चरण में आज 13 अगस्त को आरएसएस मुख्यालय अर्चना कार्यालय पर कांग्रेस द्वारा निशुल्क राष्ट्रध्वज भेंट किया गया। हेडगेवार स्मारक समित के अध्यक्ष ईश्वर हिंदुजा को शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल द्वारा राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया गया। वहीं अर्चना कार्यालय (संघ मुख्यालय) द्वारा भी राष्ट्रीय ध्वज शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल को भेंट किया। साथ ही 14 अगस्त को रात्रि में अपने निवास, प्रतिष्ठान पर दीप जलाने के लिए दीपक और बाती भी संघ कार्यालय द्वारा कांग्रेस नेताओं को भेंट की। नेताओं ने बताया की इसके लिये बकायादा संघ कार्यालय पर पत्र प्रेषित किया गया था। संघ कार्यालय में बड़ी सोहद्रपूर्ण चर्चा हुई। समिति के अध्यक्ष ने कहा कि 15 अगस्त, 26 जनवरी को संघ मुख्यालय में ध्वजारोहण प्रत्येक वर्ष किया जाता है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने 15 अगस्त को संघ पधाधिकारियों को ध्वजारोहण कार्यक्रम गांधी भवन पर आमंत्रित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से देवेंद्र यादव, अनूप शुक्ला, संजय बाकलीवाल, मधुसूदन भलिका, सन्नी राजपाल, सत्यनारायण सलवाडिया, अनिल टांक, मोनिक मालवीय सहित कांग्रेसजन उपस्थित थे। हर घर तिरंगा अभियान के तहत महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपने निज निवास पर लगाया तिरंगा ध्वज लगाया। स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की है। इसी के तहत शहर के प्रमुख चौराहों, शासकीय कार्यालयों के साथ ही हर गली, मोहल्लों में तिरंगा फहराया जा रहा है।

कलेक्टर ने भी खरीदा तिरंगा

शहर कलेक्टर मनीष सिंह ने आज अपने माता-पिता के साथ स्वयं के पैसों से तिरंगा खरीद कर 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत अपने घर पर तिरंगा फहराया। कलेक्टर ने शनिवार को खुद पैसे देकर तिरंगा खरीदा।